दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने से पहले शहर में सोमवार को मध्यम बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 70 प्रतिशत दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी ने कहा, ‘‘ मध्य प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में, पूर्वी उत्तर प्रदेश, दिल्ली के शेष भाग और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा पंजाब के कुछ और हिस्से में अगले 48 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।’’ उसके अनुसार, आज अधिकतम तापमान के, इस मौसम के सामान्य तापमान से पांच डिग्री कम 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के अधिकारियों के मुताबिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रही। दिन में आंधी के साथ बारिश होने का भी अनुमान जताया गया था। हवा में नमी का स्तर 71 प्रतिशत रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।