राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल मानसून सामान्य तिथि से 12 दिन पहले यानी 15 जून को दस्तक दे सकता है। यह जानकारी भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को दी।
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2008 में भी मानसून 15 जून को दिल्ली पहुंचा था।
उन्होंने कहा,‘‘मानसून के समय से पहले आने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इस बार यह (मानसून) 15 जून को दिल्ली पहुंच सकता है।’’
आईएमडी ने बताया कि उत्तरपश्चिमर बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले तीन से चार दिन में ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है।
आईएमडी ने कहा, ‘‘अनुकूल मौसमी परिस्थितियों की वजह से दक्षिण पश्चिमी मानसून के अगले पांच से छह दिन के दौरान दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र को छोड़कर पूरे देश में छा जाने की उम्मीद है।
श्रीवास्तव ने कहा कि किसी इलाके में मानसून के आने की घोषणा करने के लिए मोटे तौर पर तीन तथ्यों पर विचार किया जाता है जिसमें पहला विस्तृत क्षेत्र में बारिश, दूसरा अगले तीन -चार दिन बारिश की संभावना और तीसरा, पूर्वी हवाएं।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत के मुताबिक वर्ष 2013 में मानूसन 16 जून तक देश के सभी हिस्सों तक पहुंच गया था। पिछले साल 29 जून तक पूरे देश में मानसून पहुंच गया था।


Download Android App
Download iOS App



