राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के अधिकारियों के मुताबिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में आंधी के साथ बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है। हवा में नमी का स्तर 71 प्रतिशत रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के लोगों को तपती गर्मी से खासी राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार यानी कल की सुबह तेज चमकदार धूप निकली थी। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई, लेकिन हवा की दिशा सुबह से दक्षिण पूर्वी तरफ थी। इस हवा के साथ ही नमी भी दिल्ली की तरफ आ रही है। इसके चलते तापमान में तेजी से इजाफा नहीं हुआ। बल्कि, ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहाना बना रहा।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि इस सीजन का सामान्य तापमान था। आमतौर पर जून के इस समय में तापमान चालीस डिग्री के आसपास रहा है। शनिवार के दिन के लिए यह बीते सात सालों में सबसे कम तापमान था।