लक्ष्मी नगर इलाके में सोमवार रात एक मां ने अपने दो बच्चों को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया और खुद भी नीचे छलांग लगा दी। बच्चों को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों की पहचान महक (7) और आफान (4) के तौर पर हुई है। वहीं घायल आलिया (34) पंत अस्पताल ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक महिला का अस्पताल में उपचार जारी था। इलाके के लोगों का कहना था कि महिला ने घरेलू परेशानियों के चलते कदम उठाया। पुलिस ने केस दर्ज कर महिला के परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
आरोपी मां की हालत बेहद नाजुक… इधर महिला को उपचार के लिए पंत अस्पताल ले जाया गया। जहां महिला का उपचार जारी था और उनकी हालत बेहद नाजुक थी। महिला बयान देने की स्थिति में नहीं है। इलाके के लोगों से पुलिस को पता चला है कि महिला ने घरेलू परेशानियों के चलते ये कदम उठाया है। पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर इतना बड़ा कदम उठाने जाने के पीछे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बेटी पड़ौस की छत पर गिरी और बेटा गली में गिरा, फिर खुद लगाई छलांग
पुलिस के मुताबिक, आलिया परिवार सहित लक्ष्मी नगर के ललिता पार्क स्थित एक मकान में तीसरी मंजिल पर रहती हैं। परिवार में पति मुनव्वर के अलावा बेटी महक और बेटा आफान थे। बेटी पढ़ाई कर रही थी। पति की सदर बाजार में दुकान है। सोमवार रात करीब पौने नौ बजे महिला ने अपने फ्लैट की छत से बेटी व बेटे को नीचे फेंक दिया।
बेटी पड़ोस वाले दो मंजिल मकान की छत पर गिरी, जबकि बेटा गली मे जा गिरा। इसके बाद महिला ने भी नीचे छलांग लगा दी। वो पड़ोसी के मकान की छत पर गिरी। इलाके के लोग तुरंत बच्चों को पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।