जम्मू : जम्मू-कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को हुए हिमस्खलन में तीन जवानों की बर्फ में दबकर मौत हो गई. तीनों जवानों के शव बर्फ से निकाल लिए गए हैं. सेना के अधिकारी ने बताया कि कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में शुक्रवार को भारी हिमपात और हिमस्खलन हुआ। बर्फ की चपेट में वहां की कई चौकियां आ गईं। एक चौकी पर तैनात सेना के तीन जवान आ गए और कई फुट बर्फ के नीचे दब गए। बर्फ में दबने से उनकी मौत हो गई। सेना ने अभियान चलाकर अपने अन्य सैनिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया और बर्फ में दबे जवानों के शव बरामद कर लिए गए।
सेना के अधिकारी ने बताया कि इस हिमस्खलन में चार जवान लापता हो गए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक जवान को बचा लिया गया, जबकि एक की मौके पर ही मौत हो गई थी. दो अन्य जवानों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक जवान का इलाज अस्पताल में चल रहा है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मृतकों में हवलदार कमलेश सिंह (39), नायक बलवीर (33) और सिपाही राजिंद्र (25) शामिल हैं।
पिछले साल भी हुआ हादसा
साल 2017 में 28 जनवरी को भी माछिल सेक्टर में हिमस्खलन होने से भारतीय सेना के छह जवान बर्फ में दब गए थे। सेना का एक पेट्रोल दस्ता गश्त पर था तभी वह हिमस्खलन की चपेट में आ गया। सर्च अभियान चलाकर 5 जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक जवान की मौत हो गई थी। 25 जनवरी को गुरेज सेक्टर में हुए हिमस्खलन में 14 जवान मारे गए थे।
कुपवाड़ा में हिमस्खलन लापता हुए 7 लोगों में से 5 के शव मिले
बचाव दल ने सात सैनिकों को जिंदा निकाल लिया जबकि 10 सैनिकों के शव मिले थे. इसके अलावा बारामूला के उरी सेक्टर में 60 वर्षीय फतेह मोहम्मद मुगल की। हिमस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह घर से बाहर निकले थे और हिमस्खलन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मुगल को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिमाचल में होगी बर्फबारी
उधर, हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की गई है। शुक्रवार को धूप खिलने से तापमान में इजाफा देखा गया, लेकिन अगले कुछ दिनों में यहां बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है। 5 और 6 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के फिर से सक्रिय होने के कारण बारिश की संभावना बनी है। शिमला, नरकंडा, कुफरी और मनाली में हल्की और औसत बर्फबारी हो सकती है. जबकि, धर्मशाला, हमीरपुर, सोलन, नाहन और मंडी शहरों में बारिश हो सकती है जिससे तापमान नीचे आएगा।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।