गार्गी कॉलेज छेड़छाड़ मामले पर NCW ने लिया संज्ञान, पुलिस बोली-नहीं की गई कोई शिकायत

Summary :

इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। आप सांसद संजय सिंह ने इस घटना को लेकर राज्यसभा में चर्चा के लिए नोटिस दिया है।

दिल्ली के गार्गी कॉलेज में हुए छेड़छाड़ की घटना पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की टीम और दिल्ली महिला आयोग प्रमुख स्वाति मालीवाल आज कैंपस पहुंची। वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। 
आप सांसद संजय सिंह ने इस घटना को लेकर राज्यसभा में चर्चा के लिए नोटिस दिया है। घटना के विरोध में गार्गी कॉलेज की छात्राएं सोमवार को धरना प्रदर्शन करने वाली है। एनसीडब्ल्यू के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आयोग ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। 
इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की एक टीम कॉलेज में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए कैंपस में मौजूद है। डीसीपी साउथ अतुल ठाकुर के मुताबिक गार्गी कॉलेज मामले में अब तक किसी भी तरह की कोई भी शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। 
गौरतलब है की गार्गी कॉलेज की छात्राओं ने एनुअल प्रोग्राम के दौरान छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। आरोप लगाया कि उनके  3 दिनों तक चलने वाले एनुअल फेस्टिवल के दौरान काफी तादात में बाहरी लड़कों ने कॉलेज में तोड़-फोड़ और छात्राओं से छेड़खानी की। 
लेकिन इस दौरान वहां मौजूद पुलिसवाले खड़े देखते रहे। छात्राओं का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने उनकी कोई मदद नहीं की। जिसके बाद छात्राओं ने सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए घटना का वीडियो वायरल कर दिया।

Desk Team