रविवार को यहां हुए पहले ‘ रन फॉर आयुर्वेद ’ दौड़ में करीब 3,000 लोगों ने हिस्सा लिया जिनमें छात्र और अलग अलग आयु वर्ग के लोग शामिल थे। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) ने आयुष मंत्रालय के तत्वाधान में दौड़ का आयोजन किया था।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि आयुष राज्य मंत्री श्रीपद यशो नाइक ने दौड़ को रवाना किया। नाइक ने कहा, ‘‘इस चिकित्सा प्रणाली को बहुत सालों से नजरअंदाज किया जाता रहा। लेकिन हमने इस विज्ञान को दोबारा प्रचलित करने के लिए कदम उठाए हैं। हमने आयुर्वेद एवं दूसरे भारतीय चिकित्सा विज्ञानों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न शहरों में एआईआईए जैसे और संस्थानों की स्थापना की परिकल्पना की है।’’
सरकार ने बदला अपना रूख, अब RTI आवेदन दे सकेंगे NRI
‘ रन फॉर आयुर्वेद ’ के तहत प्रतिभागियों ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से लाला लाजपत राय मार्ग तक और वहां से वापस जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम तक दौड़ लगायी।
बयान में कहा गया कि हर पुरूष एवं महिला वर्ग में पहले तीन स्थानों पर रहने वाले लोगों को क्रमश: 10,000, 8,000 और 6,000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
दौड़ के साथ साथ वॉकाथन और योग प्रदर्शन भी आयोजित किए गए थे।