भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर सोमवार को संगठन पर्व सदस्यता अभियान को लेकर दो प्रमुख संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। पहली बैठक में वर्ष 2007 से लेकर 2017 तक के सभी पार्षदों को अपने अपने क्षेत्रों में सदस्यता अभियान को गति देने के लिए जिम्मेदारी दी गई। दूसरी बैठक में 280 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया जिसमें प्रदेश, जिला और मण्डल पदाधिकारियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में शामिल पदाधिकारियों को एक-एक मण्डल की जिम्मेदारी दी गई।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि संगठन पर्व सदस्यता अभियान अपने चरम पर है और 11 अगस्त भी नजदीक है। अब क्षेत्र में और अधिक मेहनत कर जनसम्पर्क के माध्यम से लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए कार्य करना है। 57 प्रतिशत के अपने लक्ष्य को ध्यान में रखने के साथ जिन बूथों पर सदस्यता की संख्या कम आ रही है उन पर अब और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है।
नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में सदस्यता अभियान के दौरान की गई मेहनत विजय के रूप में हमारे सामने होगी। दिल्ली से नकारात्मक केजरीवाल सरकार के शासन को हटाने के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना जरूरी है। सदस्यता अभियान प्रमुख कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि समय कम है, ऐसे में हमें प्राथमिक सदस्य बनाने के लिए क्षेत्र में और अधिक प्रयास करने होंगे, तभी हम लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।
सह-प्रमुख हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और भाजपा में लोगों के बढ़ते विश्वास के साथ ही भाजपा परिवार का विस्तार हो रहा है। बैठक में मिजोरम के प्रभारी पवन शर्मा, प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता और राजेश भाटिया भी मौजूद रहे।