देश में अब अनलॉकिंग का दौर चल रहा है। हर रोज हजारों लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। इसी बीच कुछ निजी संस्थान और फैशन की दुनिया से जुड़े लोग दिल्ली पुलिस की मदद से लोगों के बीच स्वास्थ्य संबंधित चीजों का वितरण कर रहे हैं।
आरके पुरम थाने के एसएचओ राजेश शर्मा की पहल के बाद प्रियल भारद्वाज की संगिनी सहेली नाम की संस्था यहां आई है। इस संस्था के सदस्यों ने महिलाओं और लड़कियों को सेनेटरी पैड बांटे। इसके साथ ही इस काम में मशहूर फैशन डिजाइनर रीना ढाका भी शामिल रहीं।
स्वास्थ्य के लिए अच्छे कार्य किसी भी वक्त काफी सराहनीय होते हैं। संगिनी सहेली NGO द्वारा आरके पुरम इलाके की झुग्गियों में रहने वाली लगभग 300 महिलाओं-लड़कियों को हाइजीनिक किट बांटी गई। इस किट में सैनिटरी पैड, सैनिटाइजर, मास्क और ग्लूकोज जैसी चीजें शामिल थीं।
इस नेक कार्य की पहल करने वाली संस्था की सदस्य प्रियल भारद्वाज का मानना है कि महिलाओं के लिए जो समस्या है, हर वक्त बनी रहती है। गरीब इलाके में रहने वाले यह लोग सैनिटरी पैड नहीं खरीद पाते हैं। इसके लिए आरके पुरम इलाके में लोगों को जागरूक भी किया गया।
लॉकडाउन हो या अनलॉक सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को ही रही। चूंकि ये घरेलू महिलाएं अपने घर में ही रहती हैं और इस किट में जो सामान उन्हें दिया गया, उसकी आवश्यकता हमेशा ही रहती है।