दिल्ली हिंसा को लेकर केंद्र की ओर मंगलवार को लोकसभा में कहा गया है कि सरकार ने कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने एवं विश्वास बहाली के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही इस मामले में अब तक 120 से अधिक FIR दर्ज करने के साथ काफी संख्या में उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।
लोकसभा में रीता बहुगुणा जोशी एवं दिनेश चंद्र यादव के प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, ‘‘केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 76 कंपनियों समेत पर्याप्त पुलिस बल एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया किया गया।’’
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय शांति समितियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, मार्केट वेलफेसर एसोसिएशनों, सिविल सोसाइटी समूहों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की गई। गृह राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘120 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और सैकड़ों उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच अधिकारी सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर रहे हैं और लोगों से वीडियो प्राप्त किए जा रहे हैं ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।’’ राय ने कहा कि दंगा प्रभावित क्षेत्रों में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस बलों ने लोगों में विश्वास बहाल करने के लिए इन क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया है।
उन्होंने कहा कि उन मीडिया मंचों पर गहन निगरानी रखी जा रही है जो अफवाहें एवं बेबुनियाद खबरें फैला सकते हैं । मंत्री ने कहा कि लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की गई है ।


Download Android App
Download iOS App



