राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल ठंड से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है साथ ही कोहरे की स्थिति भी लगातार बनी हुई है। दिल्ली में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी का यातायात पर असर देखा गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। इसके साथ ही सर्द हवाएं चलेंगी और ठंड भी जारी रहेगी।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा। आनंद विहार इलाके में लोगों को पारा स्तर के गिरावट के रूप में खुद को आराम देने के लिए आग के पास बैठे देखा गया। आज सुबह पीरागढ़ी और महाराजा सूरजमल स्टेडियम क्षेत्र में भी घना कोहरा छाया रहा साथ ही सर्द हवाएं और ठंड भी जारी रही।
राजधानी दिल्ली में इन दिनों सुबह का तापमान सामान्य से कम और दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान मौसम का यही रुख देखने को मिलेगा। इस दौरान, खासतौर पर 25 और 26 तारीख को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पर आ सकता है। जबकि रविवार से हल्के बादलों की मौजूदगी देखने को मिलेगी। इसके चलते लोगों को सुबह के समय पड़ने वाली कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी।
दिल्ली में बुधवार को हवा की कम गति एवं तापमान में गिरावट के बीच हवा की स्थिति लगातार दूसरे दिन ‘गंभीर’ बनी हुई है। इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गर्म मिक्स प्लांट एवं स्टोन क्रशरों को दो जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। भारत मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 26 दिसंबर तक किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।