नई दिल्ली : दिल्ली में लगातार हाशिये पर चल रही कांग्रेस पार्टी को उठाने के लिए शीला दीक्षित ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र दिया है। प्रदेश कार्यालय में हुई मीटिंग में शीला दीक्षित ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को 1998 की तर्ज पर मेहनत करनी होगी। दिल्ली के गरीब लोगों के बीच जाकर उन्हें बताना होगा कि कांग्रेस ने उनके लिए क्या किया है। तभी हम लोग फिर से दिल्ली में खड़े हो सकेंगे।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित मीटिंग में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन समेत कई पूर्व सांसद और मंत्री मौजूद थे। इस दौरान शीला दीक्षित ने कहा कि आप सभी लोग कांग्रेस को जानते हैं कांग्रेस को समझते हैं। कांग्रेस हमेशा इस देश के लिए रही है। जनता के लिए रही है। हमें गरीब इलाकों में जाना चाहिए। गरीबों को गुमराह किया जा रहा है। उनसे कहा कुछ जाता है किया कुछ जाता है। उन्होंने कहा कि गरीब इलाकों में जाओ और उन्हें बताओ कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है, आपके पास चाहे 10 लोग आएं लेकिन यह एक चर्चा का विषय बन जाएगा कि कांग्रेस के लोग हमारे लिए सहानुभूति रखते हैं।
भले ही 10 लोग आएं, लेकिन यह एक चर्चा का विषय बनेगा कि कांग्रेस पार्टी हमारे कुछ करना चाहती है। हम लोगों ने 98 में भाजपा को हराया था, तो इसी तरह से हम लोग गरीबों के बीच में गए थे। पूरी दिल्ली में घूमकर हमने पार्टी को खड़ा किया था। अगर इस बार फिर से हम लोगों ने 98 वाली मेहनत कर ली तो कांग्रेस पार्टी को दिल्ली में खड़ा होने से कोई नहीं रोक सकता।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।