नई दिल्ली : प्याज के बढ़ते दाम गृहणियों के आंसू निकाल रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्याज के खुदरा दाम 100 रुपये प्रति किलो को पार कर गए हैं। वहीं थोक बाजार में भी प्याज के दाम 70 के पार है। सोमवार को आजादपुर मंडी में प्याज का थोक भाव 70 रुपये किलो तक रहा। वहीं मंडी के आसपास खुदरा बाजार में प्याज के भाव 100 रुपये प्रति किलो को पार कर गया।
आजादपुर के अलावा सोमवार को ओखला सब्जी मंडी, केशोपुर सब्जी मंडी, महरौली सब्जी मंडी, मंडावली सब्जी मंडी, नजफगढ़ सब्जी मंडी में प्याज का थोक भाव 70 से 75 रुपये प्रति किलो तक रहा। आजादपुर मंडी के व्यापारी ने बताया कि प्याज की आवक कम होने के कारण भाव में तेजी का रुख है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि जल्द ही प्याज की आवक बढ़ जाएगी जिससे भाव में नमी का असर रहेगा।
वहीं छोटे व्यापारियों ने कहा कि थोक भाव में तेजी के कारण खुदरा बाजार में प्याज का भाव 100 रुपये तक चल रहा है। वहीं राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में प्याज का थोक भाव 70 से 75 रुपये प्रति किलो तक चल रहा है। वहीं खुदरा बाजार में भाव 75 से 100 रुपये किलो तक बढ़ रहा है।
नहीं मिल रहे ग्राहक… खुदरा व्यापारियों ने बताया कि प्याज के भाव बढ़ने के बाद से ब्रिकी घट गई है। आजादपुर मंडी के व्यापारी ने बताया कि पहले प्रति दिन 500 से हजार किलो तक प्रति दिन प्याज की ब्रिकी हो जाती थी लेकिन भाव बढ़ने के बाद ब्रिकी एक चौथाई भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि भाव बढ़ने के बाद दिन में 100 किलो तक भी प्याज की ब्रिकी नहीं हो पा रही है।
थाली से दूर हुआ प्याज… आरके पुरम में रहने वाली संगीता का कहना है कि प्याज के भाव बढ़ने के बाद से प्याज थाली से बाहर हो गया है। खाना बनाने के दौरान अब प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि अब सब्जी बनाने के दौरान अन्य विकल्प का सहारा लिया जा रहा है।
प्याज पर आप-भाजपा की लड़ाई में पिस रही जनता
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि केन्द्र की मोदी सरकार व दिल्ली की आप पार्टी सरकार की नूरा कुश्ती के कारण प्याज की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। प्याज के दाम दिल्ली एनसीआर में 100 रुपए किलो पहुंच चुकी है। प्याज की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेसियों ने प्याज की मालाएं पहनकर मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के निवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने की।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच बैठकर चक्का जाम भी किया। जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल महिलाएं ‘जमाखोरों पर कसों लगाम, सस्ते करो प्याज के दाम”, 100 रुपए किलो प्याज, मोदी-केजरीवाल का अंधाराज के नारे भी लगा रहे थे। इस मौके पर चोपड़ा ने आरोप लगाया कि सरकारी गोदामों में 32 हजार टन प्याज सड़ रहा है और जनता प्याज के लिए तरस रही है।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि उनकी भी मिलीभगत जमाखोरों के साथ है। गिरफ्तारी देने वालों में सुभाष चोपड़ा, मुकेश शर्मा, जितेन्द्र कोचर के साथ महिला नेता पूर्व विधायक दर्शना रामकुमार व तमाम महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता मौजूद थीं।