नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में भारत माता की जय और फिर एक बार मोदी सरकार की गूंज के बीच शनिवार को प्रदेश कार्यालय पर दीप प्रज्ज्वलन कर भाजपा का 39वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि 1980 में भारत के अंत्योदय के सेवाभाव के साथ एक विचारधारा देश में आई तब से लेकर आज तक 39 वर्षों के लम्बें समय ने हमें गौरवान्वित किया है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक केवल संघर्ष ही संघर्ष है।
करोड़ों कार्यकर्ताओं के बलिदान ने भाजपा को ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से पोषित भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। भाजपा के कार्यकर्ता के लिए पार्टी से पहले देश है। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा का इतिहास, विकास यात्रा और विस्तार बहुत बड़ा है।
जनता पार्टी में राष्ट्रवादी विचारधारा पर मतभेद के बाद भाजपा की पहली बैठक फिरोज शाह कोटला मैदान में हुई थी जहां जनसंघ के कई बड़े नेता उपस्थित थे। जनसंघ का निशान दीपक था जो बाद में भाजपा बनने के बाद कमल हो गया। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी ने पार्टी की पंच निष्ठाएं तय की और करोड़ो कार्यकर्ताओं के परिश्रम व बलिदान का योगदान भाजपा के इतिहास के साथ जुड़ा है। प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक राजेश भाटिया ने बताया कि प्रदेश कार्यालय के अतिरिक्त भाजपा के सभी 14 जिले और 280 मंडलों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम कर पार्टी के स्थापना दिवस पर उपस्थित लोगों को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया गया।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुत दिलाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में भाजपा के केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सांसद मीनाक्षी लेखी, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता भी मौजूद रहे। इसके अलावा पूरी दिल्ली में सभी सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित रहे। भाजपा दिल्ली प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा के नेतृत्व में कनॉट प्लेस हनुमान मंदिर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा का स्थापना दिवस मनाया।