नई दिल्ली : गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की पार्किंग सुविधा 25 जनवरी की सुबह से 26 जनवरी के दोपहर तक बंद रहेंगे। इस दौरान न तो कोई वाहन अंदर आ पाएंगे और न ही बाहर निकाल सकेंगे। इस संबंध मे दिल्ली मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 26 जनवरी को लेकर पुलिस से मिली निर्देश के तहत मेट्रो स्टेशनों पर बनाए गए सभी पार्किंग स्थल को बंद रखा जाएगा।
25 जनवरी की सुबह 6 बजे से 26 जनवरी की दोपहर दो बजे तक पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसके अलावा 26 जनवरी की परेड को देखते हुए यलो लाइन पर उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को दोपहर 12 बजे तक बंद रखा जाएगा।
हालांकि इसी लाइन पर सुबह पौने नौ बजे तक पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन आम जनता के लिए खुले रहेंगे लेकिन सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक इन दोनों स्टेशनों को बंद कर दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि इस दौरान केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर वायलेट और यलो लाइन के लिए इटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं वायलेट लाइन पर आईटीओ, दिल्ली गेट, लाल किला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन दोपहर 12 बजे तक प्रभावित रहेंगे।
गणतंत्र दिवस पर सुबह छह बजे से दौड़ेगी मेट्रो
गणतंत्र दिवस पर दर्शकों को समय पर पहुंचाने के लिए दिल्ली मेट्रो की सर्विस सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएगी। बता दें कि रविवार को मेट्रो सेवा सुबह 8 बजे से शुरू होती है। इस संबंध में मेट्रो प्रशासन ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए रविवार को सुबह 6 बजे से सर्विस शुरू की जाएगी। गणतंत्र दिवस की परेड देखने हजारों की संख्या में लोग आते हैं।


Download Android App
Download iOS App



