नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में आने से पूर्व बेघरों की मृत्यु को एक बड़ा मुद्दा बनाया था। बेघरों के लिए स्थायी और अस्थायी आश्रय गृह बनाने की घोषणाएं की थी, पर पांच वर्ष बाद भी स्थिति बदतर है। दिल्ली में गत 40 दिनों से लगभग 10 बेघर लोग प्रतिदिन ठंड से अपनी जान गंवा रहे हैं। ये बातें दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहीं।
तिवारी ने कहा कि सोच कर भी शर्म आती है कि जिस शहर में प्रतिदिन 10 लोग ठंड के दिनों में आश्रय के अभाव से मर रहे हो उस शहर का मुख्यमंत्री गीत गाता है कि अच्छे बीते पांच साल लगे रहो केजरीवाल। तिवारी ने कहा कि दिल्ली में बीते एक साल में 3623 लोगों की मृत्यु हुई है, जिनकी पहचान तक नहीं हो पाई है। केजरीवाल सरकार इसका जवाब दे। लोग बेघर होकर ठंड से मर रहे हैं और केजरीवाल प्रधानमंत्री आवास योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने दे रहे हैं।
वहीं तिवारी ने कहा कि दिल्ली में चल रही शीत लहर से गत 40 दिनों में 413 बेघर लोगों की अकाल मृत्यु हुई है और आम आदमी पार्टी की सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल के झूठ के पुलिन्दों को जनता के सामने उजागर करने में लगी है। तिवारी ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर भी पांच साल तक केजरीवाल सरकार तुच्छ राजनीति करती रही है।