नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व सदस्यता अभियान के तहत शुक्रवार को सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल एएस रावत, उनकी पत्नी अर्चना रावत एवं कर्नल आरएस रावत, उनकी पत्नी कविता रावत व बेटी कुहु रावत शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। इससे पहले भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद हंसराज हंस ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई।
इस अवसर पर प्रदेश सदस्यता प्रमुख व प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, सह प्रमुख हर्ष मल्होत्रा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मनोज तिवारी ने इस मौके पर कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के तहत भारतीय जनता पार्टी से सभी वर्गों के लोग जुड़ रहे हैं।
पार्टी के विस्तार के लिए हर जिला, हर विधानसभा, हर मंडल में सदस्यता अभियान उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। पार्टी के प्रति लोगों के उत्साह से यह पता चल रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में लोकसभा चुनाव की तरह पार्टी को मिले भारी जनसमर्थन की पुनरावृत्ति होने वाली है।
वतन के रखवालों के लिए हमेशा है सम्मान : हंसराज
उत्तर पश्चिम दिल्ली के सांसद हंसराज हंस ने कहा कि वतन से जो लोग प्यार करते हैं उनके मन में फौजियों के लिए हमेशा सम्मान का भाव रहता है, क्योंकि फौजी सीमा पर देश की रक्षा करते हैं, तभी हम घरों में चैन की नींद सोते हैं। पार्टी में शामिल हो रहे फौज के पूर्व बड़े अधिकारियों का मैं तहे दिल से स्वागत करता हूं।
भाजपा में देश के लिए काम करने का जज्बा : रावत
40 वर्षों तक देश की सेवा कर चुके लेफ्टिनेंट जनरल एएस रावत ने कहा कि भाजपा के लिए देश सबसे ऊपर है, देश की सुरक्षा सबसे अहम है और देश के लिए काम करने का जज्बा सभी राजनीतिक दलों से अधिक है। इससे प्रभावित होकर मैं परिवार समेत भाजपा में शामिल हो रहा हूं। वहीं सेवानिवृत कर्नल आरएस रावत ने कहा कि इतने ऊंचे दर्जे की सोच रखने वाली दुनिया में कोई दूसरी राजनीतिक पार्टी नहीं है। मैं पार्टी द्वारा राष्ट्र के प्रति किए जा रहे कार्यों से बेहद प्रभावित होकर भाजपा में परिवार समेत शामिल हुआ हूं।