पश्चिमी दिल्ली : जैन धर्म ही नहीं अपितु जीवन जीने की सुंदर पद्धति है। मेरा जैन समाज से बड़ा निकट संबंध रहा है। लोग मुझे किरण शर्मा चोपड़ा जैन भी बोलते है। जैन घर्म में अहिंसक विचारों, भावनाओं का भी गहरा संबंध रहा है। जैन धर्म के प्रवर्तक भगवान महावीर ने जियो और जीने दो का सिद्धांत दिया, जो सारे संसार का कल्याण करता है। उक्त बातें श्रीमती किरण चोपड़ा ने अशोक विहार में आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में कहीं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को संस्कारवान व उन्नतशील बनाने के लिए सदैव समर्पित हूं। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब भी महापुुरुषों के इन्हीं सपनों को पूरा कर रहा है। कवि सम्मेलन में श्रीमती किरण चोपड़ा ने कहा कि कवि समाज के मार्गदर्शक होते हैं। जो सामाजिक, राजनीतिक और भक्ति भावनाओं को उकेरकर समाज में नई चेतना उत्पन्न करते हैं। महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में मशहूर कवियों और कवयित्री ने हास्य रस का तड़का लगाया।
मंच संचालक विक्रांत जैन करते हुए कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई तनाव का शिकार है। इसे दूर करने के लिए वह मनोरंजन के साधन ढूंढ़ता है। उन्होंने बताया कि जैन समाज की ओर से हर वर्ष महावीर जंयती के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाता है। कवि सम्मेलन में हास्य कवि अरुण जैमिनी, डॉ. विष्णु सक्सेना, गौरव शर्मा, सुदीप भोला, वेद प्रकाश वेद, मुमताज नसीम, अशोक चारण, टीके पाण्डेय ने अपनी व्यंग्यात्मक प्रस्तुति से लोगों को लोटपोट कर दिया। पति-पत्नी की नोंकझोंक से लेकर नेताओं की आपसी लड़ाई को भी हास्य का रूप दे दिया।
कवि अरुण जैमिनी ने लोगों में खूब हंसाया और अपनी कविताओं से समां बांधा। कवि टीके पाण्डेय ने कुत्तों के भौं-भौं करने वाली आपसी बात पर लोगों को गुदगुदाया। कवयित्री मुमताज नसीम ने देशभक्ति की कविताओं के द्वारा लोगों के अंदर की देशभक्ति को जगा दिया। गौरव शर्मा और वेद प्रकाश वेद की कविता ने लोगों को ताली बजाने के लिए मजबूर कर दिया। इस मौके पर विधायक राजेश गुप्ता, पूर्व विधायक महेन्द्र नागपाल, मांगेराम गर्ग, हरिशंकर गुप्ता, निगम पार्षद विकास गोयल, पूर्व निगम पार्षद योगेश वर्मा, विनय कुमार जैन, कार्यकारिणी अध्यक्ष स्वदेश भूषण जैन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।