दक्षिणी दिल्ली : हजरत निजामुद्दीन इलाके में किन्नर को गोली मारने के प्रकरण में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसने शारीरिक संबंध बनाने से इंकार करने पर किन्नर को गोली मार दी थी। आरोपी की पहचान सागर के रूप में की गई जो सुंदर भाटी गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है।
आरोपी अपने एक दोस्त चंद्रकांत के साथ त्रिलोकपुरी की तरफ से आ रहा था, जिस दौरान उन्होंने लड़की समझकर किन्नर को गाड़ी में बैठाया था। सागर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहते थे। हालांकि जब विरोध किया, तो आरोपियों ने किन्नर को गोली मार दी और बारापुला फ्लाईओवर पर फेंककर फरार हो गए थे।
जिला पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि पुलिस को शनिवार-रविवार की रात बारापुला फ्लाईओवर पर घायल अवस्था में किन्नर मिला था, जिसके बाद एसएचओ सतेंद्र मोहन की देखरेख में टीम का गठन कर छानबीन शुरू कर दी गई। पुलिस को जांच में आरोपी सागर के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद 21 जनवरी को आरोपी के मूलचंद की तरफ आने की जानकारी मिली।