दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 487 नए मामले सामने आए जबकि 45 और मरीजों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले ढाई महीने के दौरान संक्रमण के नए मामलों की यह सबसे कम संख्या है। वहीं, शहर में संक्रमण की दर 0.61 प्रतिशत हो गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी। यह लगातार चौथा दिन है जब राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण की दर एक प्रतिशत से कम दर्ज की गई है।
दिल्ली में 11 अप्रैल के बाद पहली बार एक दिन में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या 50 से नीचे रही है। 11 अप्रैल को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 48 लोगों की मौत हुई थी। बुलेटिन के मुताबिक बीते 24 घंटे में 45 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 24,447 हो गई। गौरतलब है कि इससे पहले 16 और 17 मार्च को दिल्ली में संक्रमण के नए मामलों की संख्या क्रमश: 425 और 536 रही थी।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कोविड-19 से जुड़े विषयों पर दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार से श्वेतपत्र जारी करने की मांग करते हुए गुरुवार को कहा कि क्या आधिकारिक आंकड़ों को कम करने के लिए मौत के मामलों की संख्या में हेरफेर की गई। उन्होंने सवाल किया कि शहर में अधिक मृत्युदर के क्या कारण थे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि दिल्ली के नगर निगमों ने अप्रैल और मई में 34,750 मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए हैं, जबकि इस दौरान में कोरोना वायरस से मौत का सरकारी आंकड़ा 13,201 है।