राजधानी में सितंबर के महीने में 77 वर्षों बाद इतना पानी बरसा है, बात करें आज की तो रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। सापेक्ष आर्द्रता सुबह 94 फीसदी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक ने दिन में बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को रिकॉर्ड स्तर पर बारिश के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा। उल्लेखनीय है कि 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
मौसम विभाग के पास मौजूद आंकड़ों के मुताबिक सितंबर महीने में अभी तक सफदरजंग मौसम केंद्र में 380.2 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई है। वर्ष 1944 के बाद सितंबर महीने के लिए यह सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। 1944 के सितंबर महीने में 417.3 मिलीमीटर बरसात हुई थी जो कि दिल्ली का ऑल टाइम रिकॉर्ड है। बता दें कि दिल्ली में पिछले 36 घंटों में 134 मिलीमीटर से ज्यादा पानी बरसा है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार की सुबह 8:30 बजे से शनिवार सुबह 8:30 बजे के बीच सफदरजंग मौसम केंद्र में 94.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं शनिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच 39.8 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। यानी कुल 34 घंटों में ही 134.5 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। खास बात यह रही कि इसमें भी ज्यादातर पानी सुबह 5:00 बजे से सुबह 8:30 बजे के बीच ही बरसा है।