नई दिल्ली : भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गुरुवार को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा लिखित ‘शिक्षा’ पुस्तक का विमोचन किया। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मुख्य सचिव विजय देव के अलावा दिल्ली के कई कैबिनेट मंत्री, कई विधायक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा उनकी पुस्तक ‘शिक्षा’ पुस्तक के विमोचन पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री होने का क्या अर्थ है आपने इस पुस्तक में बता दिया है। यह पुस्तक दिल्ली सरकार द्वारा लाखों बच्चों की जिंदगी बदलने की कहानी है। इसमें बताया गया है कि कैसे दिल्ली की शिक्षा में क्रांति आई है। इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के हर एक स्कूल में आया बदलाव अपने आप में एक कहानी है। इस बदलाव को संभव बनाने वाला हर एक व्यक्ति नायक है।
उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि मेरी किताब कल्याणकारी राज्य को वास्तविक रूप देने की दिशा में काम करने के लिए लोगों को प्रेरित करने में कामयाब होगी। मेरे पास एक आदर्श, एक दृष्टिकोण और एक विचार था, लेकिन यह सब सच होता हुआ देखना एक सपना रहा और यह पुस्तक मेरी सुधार की यात्रा में केवल एक मील का पत्थर है।
झूठ बोल रहे हैं सीएम…
दिल्ली में बदलते शिक्षा स्तर पर निशाना साधते हुए वीरेन्द्र सचदेवा, गुड गर्वेंस डिपार्टमेंट, केंद्रीय भाजपा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया झूठ बोल रहे हैं। बोर्ड के परिणाम में ज्यादा बच्चे फेल हो रहे हैं जो शिक्षा सुधार के लिए किए जा रहे फर्जी दावों का बड़ा उदाहरण हैं।