नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून बारिश के कारण दिल्ली में गिरे पारे ने 40 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। दिल्ली में इससे पहले साल 1982 में 2 मई को न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 17.2 डिग्री तक पहुंच गया। जो सामान्य से 9 डिग्री कम है।
इसके अलावा दिल्ली में चक्रवाती गतिविधियों के कारण सुबह के समय 90 किमी की स्पीड से तेज हवाएं भी चली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली में तेज हवाओं और गरज के साथ हुई भारी बारिश के कारण सुबह 5:40 से सुबह 7 बजे के बीच पारा 11 डिग्री तक लुढ़क गया। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 8 डिग्री कम है।
वहीं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 9 डिग्री कम है। विभाग के अनुसार दिल्ली में सुबह साढ़े 8 बजे तक 12.3 एमएम और शाम साढ़े 5 बजे तक 0.3 एमएम बारिश दर्ज हुई। सबसे ज्यादा बारिश आया नगर केंद्र पर दर्ज हुई। विभाग के अनुसार पालम में सुबह साढ़े 8 बजे तक 27.6 और शाम साढ़े 5 बजे तक 1.9 एमएम, लोधी रोड में सुबह साढ़े 8 बजे तक 13.8, रिज क्षेत्र में सुबह साढ़े 8 बजे तक 14.2 एमएम, साढ़े 5 बजे तक 0.2 एमएम, आया नगर में 52.2 एमएम और साढ़े 5 बजे तक 3.2 एमएम, जाफरपुर में 5.5 एमएम और साढ़े 5 बजे तक 12 एमएम, नजफगढ़ में सुबह साढ़े 5 बजे तक 29 एमएम और शाम साढ़े 5 बजे तक 5 एमएम और पीतमपुरा में सुबह साढ़े 8 बजे तक 6 एममए बारिश दर्ज हुई थी।
विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को भी बारिश की उम्मीद बन रही है। संभावना है कि दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, वहीं 40 किमी की स्पीड से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार 26 मई को फिर से पश्चिमी विक्षोभ की संभावनाएं बन रही है जिससे 27 मई को बारिश हो सकती है। हालांकि विभाग का कहना है कि तापमान में बढ़त हो सकती है।