नई दिल्ली : तिहाड़ जेल में बंद निर्भया गैंगरेप के चारों दरिंदों को फांसी पर चढ़ाने से ठीक पहले जेल नंबर तीन स्थित हाई सिक्योरिटी वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए तिहाड़ प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। खासकर आतंकवादियों के लिए बनाए गए इस अंडाकार हाई सिक्योरिटी वार्ड में रह रहे कैदियों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है।
तिहाड़ सूत्रों के मुताबिक आतंकवादी अफजल गुरु को फांसी देने के पहले इसी अंडाकार हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा गया था। फिलहाल इस वार्ड के अलग-अलग सेल में हैदराबाद ब्लास्ट के दोषी यासीन भटकल और कश्मीरी आतंकवादी बंद हैं। जेल अधिकारियों के मुताबिक निर्भया के दरिंदों को एक-दो दिन में जेल नंबर तीन के हाई सिक्योरिटी वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
अंडाकार वाॅर्ड में है 10 सेल, तमिलनाडु पुलिस हर पल रखेगी नजर
खासकर आतंकवादियों के लिए फांसी घर के पास हाई सिक्योरिटी वार्ड बनाया गया है। इसे अंडे का आकार दिया गया है। इस वार्ड में 10 सेल हैं। बताया जाता है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आतंकवादी यासीन भटकल को अफजल गुरु वाले सेल में ही रखा गया है।
भटकल ब्लॉक 1 के सेल नंबर 1 में कैद है। इनकी सुरक्षा में 24 घंटे तमिलनाडु पुलिस तैनात रहती है। वहीं दूसरी तरफ यहां पर किसी बाहरी के आने-जाने पर पूरी तरह से रोक है। सुरक्षा के लिहाज से इस वार्ड को सबसे सुरक्षित माना जाता है।
फांसी घर के पास रहेगा दरिंदों का ठिकाना…
तिहाड़ सूत्रों के मुताबिक जेल नंबर तीन स्थित हाई सिक्योरिटी वार्ड सुरक्षा के लिहाज से ठीक माना जाता है। ऐसे में फांसी पर चढ़ाने से पहले निर्भया के चारों दोषियों विनय शर्मा, मुकेश सिंह, अक्षय व पवन कुमार गुप्ता को इसी अंडाकार वार्ड के अलग-अलग सेल में रखा जाएगा। यहां पर उनकी जान को कोई खतरा नहीं होगा।
वहीं दूसरी तरफ जब उनकी फांसी का ऐलान होगा तब जेल प्रशासन को ज्यादा मशक्कत नहीं उठानी पड़ेगी। क्योंकि हाई सिक्योरिटी वार्ड से चंद कदमों की दूरी पर ही फांसी घर स्थित है।