पूर्वी दिल्ली : ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टॉफ ने दो ऐसे सुपर चोर भाइयों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने चोरी की वारदात कर कर के करोड़ों रुपए की संपत्ति बना ली थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नंद नगरी निवासी कय्यूम (30) और अय्यूब (40) के तौर पर हुई है। आरोपियों के पास से 27 लाख कैश, सवा दो किलो गोल्ड की जूलरी, 53 मास्टर चाभी, लाखों रुपए का सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी से ईस्ट और शाहदरा डिस्ट्रिक्ट में हुई चोरी के 64 मामले सुलझाने का दावा किया है।
डीसीपी ईस्ट जसमीत सिंह के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से डिस्ट्रिक्ट में लगातार दिनदहाड़े चोरी की वारदात होने की बात सामने आ रही थी। कई मामलों में पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज भी लगी, जिनमें आरोपी साफ दिखाई देते थे, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाती थी। इसके बाद स्पेशल स्टाफ को भी जांच में लगाया गया। टीम ने दोनों डिस्ट्रिक्ट में हुई चोरी की सीसीटीवी फुटेज को भी जुटाया। काफी छानबीन के बाद शुक्रवार को एसआई केके शर्मा को सूचना मिली कि वारदातों में शामिल आरोपी कड़कड़ड़ूमा कोर्ट के पास आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने दोनों आरोपी कय्यूम और अय्यूब को दबोच लिया।
बचपन से ही करने लगा था चोरी
पुलिस की माने तो कय्यूम चोरी करने में बेहद माहिर है। उसने बचपन में ही पढ़ाई छोड़कर चोरी करनी शुरू कर दी थी। खास बात ये है कि वह दिन में ही वारदात को अंजाम देता है। वह पहले पड़ोसियों से चुपचाप पूछताछ कर टारगेट वाले मकान में घुस जाता था। जबकि अय्यूब घटना स्थल से कुछ दूर खड़ा होकर रेकी करता था। खतरा होने पर वह कय्यूम को खबर कर देता था। ज्यादातर मामलों में कय्यूम मास्टर चाभी से घर का ताला खोल लेता था। ताला नहीं खोलता था तो आरोपी उसे तोड़ देता था।
कबीर नगर-यमुना विहार में खरीदे मकान
आरोपियों ने चोरी कर करके कबीर नगर में 47 लाख, जबकि यमुना विहार में 65 लाख रुपए के मकान भी खरीद लिए थे। वर्ष 2015 में वह पहली बार आरोपी गिरफ्तार हुआ था। कय्यूम एक मकान में चोरी करने घुस गया। वहां एक लड़की मौजूद थी। कय्यूम को देखकर उसने शोर मचााया तो आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। कय्यूम के खिलाफ पहले से 13 मुकदमे दर्ज है। आखिरी बार वह मई 2015 में गिरफ्तार हुआ था। जेल से आने के बाद उसने 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया।