नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के खिलाफ विरोध का स्वर बढ़ता जा रहा है। शाहीन बाग व जामिया से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन दिल्ली के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुका है। मुस्लिम महिलाओं ने सीएए व एनआरसी के खिलाफ अपने निवास के बाहर ही धरने पर बैठने लगी हैं।
महिलाओं का कहना है कि अब वक्त आ गया है कि हम एकजुट हो जाएं। नहीं तो केंद्र की मोदी सरकार हमे हमारे घर से ही बेदखल कर देगी। महिलाएं कहती हैं कि हमे नेता की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये लड़ाई हमारी है और हम अपने दम पर यह जंग जीत लेंगे।
तुर्कमान गेट : प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ी
तुर्कमान गेट पर प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को भी भारी संख्या में लोग यहां पहुंचे और विरोध जताया। बताते चलें कि गुरुवार को प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की गई थी। लेकिन प्रदर्शनकारियों के हौसले बुलंद हैं। शाहीन बाग का दूसरा नाम बन चुका खूरेजी। यहां पर शाहीन बाग की तर्ज पर ही मुस्लिम महिलाएं सीएए व एनआरसी का विरोध जताने के लिए पहुंच रही हैं।
हालांकि रविवार को यहां पर काले रंग में गैस भरकर गुब्बारे छोड़ने की योजना थी। लेकिन किन्ही कारणों की वजह से कार्यक्रम नहीं हो पाया है। इस प्रदर्शन का मुस्लिम महिलाएं लीड कर रही हैं। यहां पर रोजाना डीयू, जेएनयू और जामिया के छात्र अपना समर्थन देने के लिए पहुंच रहे हैं।
चांद बाग-वजीराबाद रोड…चांद बाग इलाके में दो दिनों से स्थानीय महिलाओं द्वारा विरोध किया जा रहा है। यहां पर टैंट लगाकर महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। यहां की महिलाओं का कहना है कि किसी भी कीमत पर हम एनआरसी या एनपीआर के कोई भी कागज नहीं दिखाएंगे।
सप्ताह भर से प्रदर्शन जारी
जाफराबाद और सीलमपुर इलाके में विरोध प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। सप्ताह भर से यहां पर सीएए के खिलाफ विरोध किया जा रहा है। यहां पर भारी संख्या में बच्चे, बड़े और बुजुर्ग शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही साथ खजूरी खास की श्रीराम कालोनी में ढलान से उतरते ही कुछ महिलाएं धरने पर बैठ गई हैं। वहीं मुस्तफाबाद में ब्रिजपुरी रोड पर महिलाएं टेंट लगाकर धरने पर बैठी हुई हैं।
कार में तोड़फोड़ का आरोप
खूरेजी में चल रहे धरना प्रदर्शन के बीच कार में तोड़फोड़ की गई। खुरेजी में प्रदर्शन स्थल के पास खड़ी एक कार का किसी शरारती तत्व ने रविवार को शीशा तोड़ दिया। इस संबंध में विवेकानंद योगाश्रम के आचार्य विक्रामादित्य ने इस संबंध में जगतपुरी थाने में शिकायत दी है।