आईटीओ पर स्थित दिल्ली पुलिस के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को शुक्रवार सुबह हिरासत में लिया गया और इलाके से हटा दिया। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप एक व्यक्ति के सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इस घटना को लेकर छात्र गुरुवार रात से दिल्ली पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस ने बाद में मुख्यालय के बाहर की सड़क को बंद कर दिया था। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘पुलिस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन के कारण विकास मार्ग की ओर डब्ल्यू प्वाइंट से ए प्वाइंट की ओर जाने वाली सड़क को स्थानीय पुलिस ने बंद कर दिया है। कृपया इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें।’’

गौरतलब है कि गुरुवार को एक व्यक्ति ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर पिस्तौल से गोलियां चलाईं जिसमें एक छात्र घायल हो गया। इससे पहले वह इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच पिस्तौल लहराते हुए आया और चिल्लाकर कहा ‘‘यह लो आजादी’’। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया तथा हिरासत में ले लिया।


Download Android App
Download iOS App



