नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को उत्तम नगर इलाके के लाखों लोगों को पाॅलीक्लीनिक की सौगात दी। सीएम ने बिंदापुर में नवनिर्मित पाॅलीक्लीनिक का उद्घाटन किया। दीन दयाल उपाध्याय से संबद्ध यह पाॅलीक्लीनिक पूरी तरह एयर कंडीशन युक्त होगा जिसमें सभी तरह के इलाज मुफ्त किए जाएंगे। पाॅलीक्लीनिक में हड्डी, बच्चों, महिलाओं, फिजियोथेरेपिस्ट व एमडी मेडिसिन समेत करीब सात विशेषज्ञ डाॅक्टरों की नियुक्ति की गई है।
उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन, उत्तम नगर से विधायक नरेश बाल्यान और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संजीव खिरवार भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि इस पाॅलीक्लीनिक से लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आप जब यहां आएंगे तो पता चलेगा कि यह सरकारी अस्पताल कितना शानदार बना हुआ है।
इससे पहले लोगों के मन में सरकारी अस्पताल को लेकर टूटी-फूटी दीवारें एवं खराब फर्श का ही विचार आता था। लेकिन अब दिल्ली के अंदर पहली बार इस किस्म का एयर कंडीशन अस्पताल बना है जहां लिफ्ट सहित सभी आधुनिक सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि इसमें मैक्स व फोर्टिस जैसे बड़े-बड़े अस्पतालों जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी।
70 साल से केवल अपमान और राजनीति देखने को मिली
सीएम ने कहा कि मुझे खुशी है कि पहली बार दिल्ली में कच्ची काॅलोनियों के लोगों को सम्मान व सुविधाएं मिलनी शुरू हुई हैं। पिछले 70 साल से कच्ची काॅलोनी के लोगों को केवल अपमान और राजनीति देखने को मिली है। जब भी चुनाव होते थे, तब सारी राजनीतिक पार्टियां केवल वोट मांगने आती थी। कहती थीं कि यदि हम जीत गए तो आपकी काॅलोनी पक्की कर देंगे। लेकिन 70 साल में किसी भी पार्टी की सरकार ने लोगों के साथ न्याय नहीं किया।
रजिस्ट्री का क्या हुआ?
भाजपा की धन्यवाद रैली का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि रजिस्ट्री का क्या हुआ? कच्ची कॉलोनियों के साथ फिर धोखा? लोगों को उम्मीद थी कि आज रजिस्ट्री शुरू हो जाएगी लेकिन फिर धोखा? उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के साथ पहले कांग्रेस झूठे वादे करती थी अब भाजपा ने भी वही किया। दिल्ली के सीएम ने कहा कि चिंता मत करिए। अब हम रजिस्ट्री करवा के देंगे।
जल्द लग जाएंगे सभी कैमरे
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार सीसीटीवी कैमरे लगवा रही है। रविवार को भी इस क्षेत्र में दो हजार कैमरे लगे। दो हजार कैमरे सोमवार से लगने शुरू हो जाएंगे। अन्य बचे कैमरे भी विभिन्न इलाकों में लगेंगे। उन्होंने कहा कि हम आने वाले कुछ दिनों में पूरी दिल्ली के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगा दिये जायेंगे।
भाजपा ने कांग्रेस की भांति लोगों को ठगा : सिसोदिया
पार्टी मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस बार भी अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले 40 लाख लोगों को भाजपा ने कांग्रेस की भांति ठगा है। लोगों को उम्मीद थी कि धन्यवाद रैली में रजिस्ट्री मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भाजपा ने अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के साथ गद्दारी की है। इस रैली में भाजपा के सभी सांसद, विधायक और प्रदेश अध्यक्ष से लेकर स्वयं पीएम मोदी शामिल हुए। इस रैली में भाजपा 100 लोगों को मकान की पक्की रजिस्ट्री देने की बात कर रही थी, लेकिन निराशा के साथ घर लौटना पड़ा।
सोनिया विहार-श्रीराम कॉलोनी में सीवर डालने का काम शुरू
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोनिया विहार और श्रीराम काॅलोनी वार्ड में सीवर पाइप लाइन बिछाने की योजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हमने कच्ची काॅलोनियों में सभी काम करवा दिए, अब रजिस्ट्री भी करवाकर देंगे। सीएम ने कहा कि श्रीराम काॅलोनी और सोनिया विहार काॅलोनी के अंदर सीवर लाइन डालने का काम जल्द शुरू होने वाला है, इससे काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कच्ची काॅलोनियों में बड़े स्तर पर काम चल रहा है। आज तक कच्ची काॅलोनियों के साथ केवल राजनीति की गई थी। किसी सरकार ने कच्ची काॅलोनियों में काम नहीं किया।