नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में कांग्रेस द्वारा सोमवार को राजघाट पर आयोजित ‘सफल’ विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को छात्रों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को सैकड़ों पार्टी समर्थकों के साथ महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर ‘संविधान में प्रतिष्ठापित अधिकारों की रक्षा की मांग’ करने के साथ-साथ सीएए के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “भारत के छात्रों, युवाओं और कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को मोदी-शाह द्वारा देश को विभाजित करने के विरोध में राज घाट पर आयोजित एकता सत्याग्रह को सफल बनाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।” कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को राजघाट पर इकट्ठे हुए थे। पार्टी ने अपनी प्रदेश इकाइयों को भी सभी राज्यों में शांति जुलूस आयोजित करने के लिए कहा था।

पार्टी ने कहा कि महात्मा गांधी ने भी ब्रिटिश शासकों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ ऐसा ही विरोध प्रदर्शन किया था। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने अब बी.आर. आंबेडकर के संविधान को बचाने के लिए कमर कस ली है।


Download Android App
Download iOS App



