दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ ने गुरुवार को कहा कि राजधानी में कोरोना मरीजों की संख्या में बहुत इजाफा हो गया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बहानेबाजी बंद कर, कोरोना के इन मरीजों के बेहतर इलाज का प्रबंध सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी से निपटने में अरविंद केजरीवाल की सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई।
बिधूड़ ने कहा कि दिल्ली सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए रोज नए-नए बहाने बना रही है। उन्होंने कहा कि जब मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा तो सरकार ने कहा कि ज्यादा संख्या में जांच की जा रही है इसीलिए मरीज ज्यादा सामने आ रहे हैं। इसी प्रकार कोरोना के मरीजों की मौत के आंकड़ के मामले में भी केजरीवाल सरकार ने लीपापोती करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि जब ऐसे शिगूफों से यह सरकार अपनी विफलताओं की ओर से लोगों का ध्यान भटकाने में विफल रही, तो दिल्ली के बॉर्डर को बंद करने का ऐलान कर दिया और अब कहा जा रहा है कि आरएमएल अस्पताल जांच के गलत आंकड़ा दे रहा है। विपक्ष के नेता ने कहा कि इस प्रकार बहाने बनाने से कोरोना मरीजों का इलाज नहीं होगा, बल्कि मुख्यमंत्री को अपनी घोषणा के अनुसार ज्यादा से ज्यादा बिस्तर और अन्य इलाज के उपकरणों का इंतजाम करना चाहिए। उन्होंने कोरोना मरीजों का पता लगाने के लिए अधिक से अधिक जांच कराने पर भी जोर दिया।
लॉकडाउन के मद्देनजर पूरी क्षमता से प्रवासी मजदूरों की मदद करेगी सपा : अखिलेश यादव
बता दें कि राजधानी में कोरोना वायरस के पिछले 24 घंटों में 1513 मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 23 हजार से अधिक गया और इस दौरान नौ मरीजों की मौत से कुल मरने वालों की संख्या 606 हो गई है । स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार रात जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में वायरस के 1513 मामले आए और कुल संख्या 23645 पर पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में वायरस से 9542 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जिनमें 299 लोग आज स्वास्थ हुए हैं। फिलहाल 13497 मामले सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि कल तक यहां कोरोना से मरने वालों की संख्या 556 थी और पिछले चौबीस घंटों में नौ लोगों की मौत हुई है जबकि मौत के बाकी आंकड़े पहले के है जिससे मृतकों की संख्या 606 पहुंच गई है।


Download Android App
Download iOS App



