दक्षिणी दिल्ली : दिल्ली के द्वारका इलाके में मासूम बच्ची के साथ अपहरण कर दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। आरोपी नाबालिग को बंधक बनाकर अपने साथ ले गया और मुंह काला करने बाद खुद ही घर के नजदीक छोड़ गया। वारदात के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 वर्षीय बच्ची अपने परिवार के साथ द्वारका सेक्टर-10 इलाके रहती है। परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई है। माता-पिता दोनों मजदूरी का काम करते हैं। 23 अप्रैल को वह घर के काम से पास बनी दुकान तक गई थी, जहां पीड़िता के पड़ोस में रहने वाले मुकेश नाम के युवक ने उसे जबरन पकड़ लिया और खेतों में बने एक खंडहर में ले गया जहां आरोपी ने बच्ची से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दौरान आरोपी ने पीड़िता की पिटाई भी की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
देर शाम अंधेरा होने पर आरोपी पीड़िता को उसके घर के पास छोड़ आया और फरार हो गया। उधर परिजनों ने पुलिस को बताया है कि लंबे समय तक जब बच्ची घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान परिजनों को बच्ची घर की ओर आते हुए मिली, उसकी हालत देखकर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात की जानकारी हुई।
तीन दिन बाद गिरफ्त में आरोपी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बयान पर पुलिस ने अपहरण, पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस से मिली सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी के घर छापा मारा, जहां से वह फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी शुरू की और शुक्रवार को उसके घर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी घटना : साली से जीजा ने किया रेप, गिरफ्तार
दक्षिणी दिल्ली : दिल्ली के सरिता विहार इलाके में एक जीजा ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपनी ही नाबालिग साली को अपनी हवस का शिकार बना डाला। उसकी काली करतूत के बारे में किसी को पता न चल जाए इसलिए अपनी 15 साल की नाबालिग साली को डरा-धमकाकर किसी से भी शिकायत करने से मना करता था।
सहमी हुई पीड़िता ने शुरुआत में तो उसके खिलाफ कुछ नहीं किया, लेकिन जब उसके आरोपी जीजा का हौसला बढ़ता गया तो उसने हिम्मत दिखाई और अपनी बहन को आपबीती बताते हुए पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद पीड़िता का मेडिकल कराया, जिसमें रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए पीड़िता के आरोपी 30 वर्षीय जीजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 15 साल की पीड़िता अपनी बहन और जीजा के साथ जसोला इलाके में किराए के मकान रहती है।
उसने अपने बयान में बताया कि उसकी बहन और जीजा उसे पढ़ाई करवाने के बहाने दिल्ली लेकर आए थे। यहां कुछ दिनों तक सब ठीक था, लेकिन कुछ दिनों के बाद ही उसका जीजा अलग-अलग बहाने से उसे गलत तरीके से छूता था और छेड़छाड़ करता था। पहले तो उसने इस बात का विरोध नहीं किया, लेकिन जब बात बहुत ज्यादा बढ़ने लगी तो उसने अपनी बहन को इसकी जानकारी दी। उसकी बहन ने जब अपनी पति से इस बारे में सवाल-जवाब किया तो वह गुस्से में लाल हो गया और दोनों से झगड़ा करने लगा। हालांकि तब बात को खत्म कर मामला शांत किया गया। लेकिन कुछ दिनों बाद ही एक दिन मौका देखकर आरोपी ने पीड़ित से जबरन रेप कर डाला।
विरोध करने पर उसने पीड़िता को डरा-धमकाकर चुप रहने के लिए कहा और किसी को कुछ भी बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। डर से पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया। यह देखकर आरोपी का हौसला बढ़ गया और उसने मौका देखकर दोबारा उसके साथ जबरन दुष्कर्म कर डाला। आरोपी द्वारा बार-बार यौन शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने अपनी बहन को सारी आपबीती बताई और बाद में पुलिस के पास शिकायत देकर केस दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ करते हुए आगे की छानबीन कर रही है।
तीसरी घटना : बॉस ने किया महिला से दुष्कर्म… उत्तर-पश्चिम जिले के आदर्श नगर इलाके में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी कोई ओर नहीं बल्कि महिला का बॉस है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुष्कर्म मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राशि (28,परिवर्तित नाम) रोहिणी में रहती हैं। वह आनंद पर्वत में नौकरी करती हैं।
अप्रैल में उन्होंने नौकरी ज्वाइन की थी। शुक्रवार को काम खत्म करने के बाद महिला अपने घर जा रही थी। इसी बीच आरोपी उन्हें रास्ते में मिला। आरोपी ने उनसे कहा कि वह रोहिणी की तरफ जा रहा है। उन्हें भी छोड़ देगा। इस पर राशि उसके साथ जाने के लिए तैयार हो गई। रास्ते में आरोपी ने राशि को बोला कि उसे होटल में थोड़ी देर का काम है। काम होते ही वह चलेगा।
इस आरोपी राशि को लेकर आदर्श नगर स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसने महिला को कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कोल्ड ड्रिंक पीते ही महिला बेहोश हो गई। होश में आने पर उसके अपने साथ हुई घटना के बारे में पता चला। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।