राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप लगातार बरकरार है। दिल्ली में संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। तमाम सावधानियों के बावजूद राजधानी में अब तक संक्रमितों का आंकड़ा 2000 को पार कर गया है।
पिछले 24 घंटे में 78 नए मामलों की पुष्टि के बाद मंगलवार को दिल्ली में 2081 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं वहीं लगभग 50 लोगों की अब तक मौत हुई है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि कल कोरोना के 78 नए केस जोड़े गए हैं । उन्होंने कहा कि अस्पताल में अभी 26 लोग आईसीयू में है और 5 लोग वेंटिलेटर पर हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सोमवार को नबी करीम क्षेत्र में रैपिड टेस्ट किया गया था जिसमें 74 लोग का टेस्ट हुआ। उन सभी लोगों का रिजल्ट नेगेटिव आया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन परिसर में काम करने वाले एक सफाईकर्मी की बहू कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसके बाद उसके पूरे परिवार का कोरोना टेस्ट किया गया जो निगेटिव आया है।
बता दें कि कोरोना वैश्विक महामारी ने अब राष्ट्रपति भवन में भी दस्तक दे दी है। राष्ट्रपति भवन परिसर में काम करने वाले एक सफाईकर्मी की बहू के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय के आवश्यक दिशा-निर्देशों के मुताबिक 125 परिवारों को एकांतवास में रहने की सलाह दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



