नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुख्या अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली विधान सभा चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि मेरा वोट बैंक किसी धर्म या जाति पर आधारित नहीं है बल्कि मेरा वोट बैंक वह सभी लोग हैं जो बेहतर शिक्षा, चिकित्सा इलाज, आधुनिक सड़कें और 24 घंटे बिजली चाहते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि ये चुनाव देश में एक नई तरह की राजनीति कायम करेंगे जो कि काम पर आधारित राजनीति है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले यह कहा जाता था कि सरकार द्वारा किए गए काम के आधार पर वोट नहीं दिए जाते हैं। यदि आप वोट हासिल करना चाहते हैं तो आपको जाति और धर्म के आधार पर अपना वोट बैंक बनाने की जरूरत होती है।’’
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मेरा वोट बैंक वे लोग है जो अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देना चाहते हैं, जो बेहतर चिकित्सा इलाज चाहते हैं, जो अपने घरों के सामने सड़कें बनवाना चाहते हैं, जो 24 घंटे बिजली चाहते हैं।’’ पूरे चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव आप सरकार के कार्यों के आधार पर लड़ा जायेगा। दिल्ली में विधानसभा चुनाव आठ फरवरी को होगा जिसमें सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



