गणतंत्र दिवस की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर हर साल की तरह इस बार भी दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग 24 घंटे से ज्यादा समय के लिए बंद रहेगी। इस दौरान इन पार्किंग में किसी तरह के वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे। जो वाहन पार्क भी हैं उन्हें भी हटाना होगा।
26 जनवरी को दिल्ली मेट्रो की लाइन-2 (हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली) पर सेवाएं आंशिक रूप से बाधित रहेंगी। केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन का एंट्री और एग्जिट गेट दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा। हालांकि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल इंटरचेंज के लिए किया जाएगा। इसके अलावा 25 जनवरी की सुबह 6 बजे से लेकर 26 जनवरी को दोपहर 2 बजे तक दिल्ली मेट्रो की सभी पार्किंग स्थल बंद रहेंगे।
गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में 27 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में 27,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसमें कुल 71 पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), 213 एसीपी, 713 निरीक्षक, दिल्ली पुलिस कमांडो, सशस्त्र बटालियन अधिकारी, जवान और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 65 कंपनियां शामिल हैं।
वहीं गणतंत्र दिवस के 73वें समारोह के मौके पर 16 मार्चिंग दल, 17 सैन्य बैंड और विभिन्न राज्यों, विभागों और सशस्त्र बलों की 25 झांकियां प्रदर्शित होंगी। सेना का प्रतिनिधित्व घुड़सवार सेना की एक घुड़सवार कॉलम, 14 मैकेनाइज्ड कॉलम, छह मार्चिंग टुकड़ियों और अपने विमानन विंग के उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों द्वारा एक फ्लाईपास्ट द्वारा किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



