देश में कोरोना का प्रकोप जारी है। वहीं भारत को दो स्वदेशी वैक्सीन की सौगात मिली है। इस बीच कोविशील्ड के बाद राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) को अब भारत बायोटेक की कोविड वैक्सीन की 20 हजार डोज और मिलेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस वैक्सीन की एक खेप बुधवार सुबह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि दोपहर तक वैक्सीन डोज के अस्पताल में पहुंचने की उम्मीद है। यह राष्ट्रीय राजधानी में वैक्सीन का भंडारण करने वाली एकमात्र जगह है। आरजीएसएसएच के निदेशक बीएल शेरवाल ने कहा, “हमें बताया गया है कि इस खेप से हमें 20 हजार डोज मिलेंगे।”
भारत बायोटेक के कोवैक्सीन की पहली खेप को हैदराबाद से आईजीआईए एविया एयर इंडिया की फ्लाइट एआई559 से लाया गया है। आईजीआईए के अधिकारियों ने बताया कि यह फ्लाइट सुबह करीब 9 बजे दिल्ली में लैंड हुई। भारत बायोटेक का लक्ष्य शुरूआती चरण में दिल्ली, बेंगलुरु, लखनऊ, चेन्नई और जयपुर सहित 11 राज्यों में लगभग 55 लाख टीके देने की है। आरजीएसएसएच को मंगलवार को कोविड वैक्सीन के 2.64 लाख डोज पहले ही मिल चुके हैं।
अस्पताल को कोविशिल्ड की 26,400 शीशियों वाले 22 बॉक्स मिले हैं। यह सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) की कोविड वैक्सीन है। अस्पताल की प्रवक्ता छवि गुप्ता ने बताया, “यहां वैक्सीन के कुल 22 बॉक्स मिले हैं। प्रत्येक बॉक्स में 1,200 शीशियां हैं और प्रत्येक शीशी में 10 डोज हैं।”


Download Android App
Download iOS App



