राज्यसभा से आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार सदन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनके खिलाफ ‘देशद्रोह’ का मामला बनाए जाने का मुद्दा उठाया। सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्या इस सदन में बैठने वाला सदस्य देशद्रोही है, अगर हम देशद्रोही हैं तो जेल में डाल दिया जाए।
संजय सिंह ने कहा कि “हो सकता है कि चार दिन बाद मैं जेल में दिखूं। देशद्रोह का मुकदमा दायर कर दिया गया है।” संजय सिंह ने कहा, ‘‘क्या इस सदन में बैठने वाला सदस्य देशद्रोही है, मैं इस सरकार से पूछना चाहता हूं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम देशद्रोही हैं तो जेल में डाल दिया जाए।’’
बता दें कि लखनऊ पुलिस ने योगी सरकार के खिलाफ जातिगत सर्वे का ऑडियो टेप बनवाने के आरोप में संजय सिंह पर देशद्रोह का केस दर्ज किया है। लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में संजय सिंह के खिलाफ पहले से ही दर्ज मुकदमे में देशद्रोह के साथ-साथ साजिश रचने, धोखाधड़ी करने की भी धाराएं जोड़ी गई हैं।
इसके अलावा आईटी एक्ट की भी धाराएं केस में जोड़ी गई हैं। पुलिस ने संजय सिंह को इस बावत सम्मन भेजकर 20 सितंबर को पेश होने को कहा है। संजय सिंह के 20 सितंबर तक पेश नहीं होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।