नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने गुरुवार को शिक्षक नेता स्वर्गीय पं. जनार्दन शर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए विकासपुरी स्थित वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र का नाम उनके नाम पर करने का निर्णय किया है। गुरुवार को नेताजी सुभाष वाटिका, बुढेला विकासपुरी में स्वर्गीय पं. जनार्दन शर्मा के सम्मान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मौजूद हजारों लोगों के बीच निगम ने अधिकृत तौर पर इसकी घोषणा की। गौरतलब है कि स्वर्गीय पं. जनार्दन शर्मा दिल्ली नगर निगम में शिक्षक थे।
उन्होंने दिल्ली के शिक्षकों की लड़ाई लड़ते हुए कई बार जेल भी काटी थी। उनका दिल्ली के शिक्षकों में एक विशेष स्थान था। निगम ने यह निर्णय पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा के प्रस्ताव पर लिया है। गुरुवार को पं. जनार्दन शर्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए दिल्ली के तमाम बड़े नेता पहुंचे। इसमें न सिर्फ कांग्रेस बल्कि भाजपा के भी नेता और सांसद मौजूद थे। इस मौके पर केन्द्र सरकार में मंत्री विजय गोयल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव व पूर्व सांसद जनार्दन द्विवेदी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन के अतिरिक्त धार्मिक गुरु सुधांशु महाराज, पूर्व सांसद सज्जन कुमार, महाबल मिश्रा, पूर्व मंत्री अरविन्दर सिंह लवली आदि मौजूद थे।
इस मौके पर सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि स्वर्गीय शर्मा के नाम पर वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र का नामकरण करके दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली के शिक्षकों को सम्मान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक नेता शर्मा इसके सच्चे हकदार भी थे। पूर्व विधायक और पं. जनार्दन शर्मा के छोटे पुत्र मुकेश शर्मा ने उनके इस सम्मान पर सभी का धन्यवाद किया है।