पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) के कर्मचारियों ने रविवार को शाहदरा साउथ जोन के क्षेत्र में आने वाले कई इलाकों में सीलिंग की। इस दौरान 40 फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया जिनमें से सात को सील किया गया। वहीं तीन फैक्ट्री मालिकों ने जी-एट की पर्ची दिखायी।
सीलिंग टीम की अगुवाई कर रहे शाहदरा साउथ जोन के प्रशासनिक अधिकारी लव कुमार ने बताया कि निगम की पांच टीमों ने सीलिंग ड्राइव में हिस्सा लिया। जिनमें करीब 12 कर्मचारी शामिल थे। टीम ने पटपड़गंज गांव, गांधी नगर, कृष्णा नगर एवं रघुवर पुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के उल्लंघन पर सात फैक्ट्रियों को सील किया गया।
शाहदरा साउथ जोन में अभी तक करीब 98 फैक्ट्रियों को सील किया गया है। डीएसआईआईडीसी ने पूर्वी निगम को करीब सात हजार फैक्ट्रियों की सूची दी है। इनमें से शाहदरा साउथ जोन में 4500 एवं शाहदरा नॉर्थ जोन में 2700 फैक्ट्रियां शामिल हैं। सील की गई फैक्ट्रियों की जानकारी मुख्य सचिव को भेजी जाएगी। उनके माध्यम से सुप्रीम कोर्ट को इस में बारे सूचित किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट फिर इस बारे में उचित निर्णय लेगी।
क्या है जी-एट
जी-एट का मतलब उन फैक्ट्रियों से है जिनके पास लाइसेंस नहीं है। इन फैक्ट्री मालिकों ने लाइसेंस के लिए अप्लाई किया हुआ है। इनके पास लाइसेंस आवेदन की पर्ची होती है जो जी-एट कहलाती है। हालांकि जब तक फैक्ट्री मालिकों के लाइसेंस पर निगम द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जाता तब तक ये फैक्ट्री का संचालन कर सकते हैं।