नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा में स्थगित सदन के दौरान उनकी पगड़ी उतार दी गई। विधानसभा अध्यक्ष, आप विधायक के कहने पर उनके साथ मारपीट की गई। उनका आरोप है कि उन्हें बाहर भी फेंका गया। बता दें कि गुरुवार को दिल्ली विधानसभा का सत्र शुरू होते ही भाजपा विधायक सिरसा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेने को लेकर सदन में पास हुए कथित प्रस्ताव पर चर्चा की मांग रखी।
इस पर अध्यक्ष ने 15 दिन पहले सूचना भेजने को कहा तो सिरसा ने अन्य नियम के तहत चर्चा की मांग रखी। सिरसा ने कहा कि यह गंभीर मामला है। दिल्ली में आठ हजार सिखों को सिख दंगों में मार दिया गया था। इस पर चर्चा होनी जरूरी है और मैं सिखों को न्याय दिलाने के लिए सदन में चर्चा करना चाहता हूं लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने राजीव गांधी से जुड़े मसले पर बोलने की स्वीकृति नहीं दी।
तभी सिरसा सदन के बीच में आ गए और कहा कि आप कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती है इसी कारण इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल दिया जा रहा। इसी दौरान सदन में जमकर हंगामा हो गया। हंगामे को बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष ने सिरसा को मार्शल आउट करने का आदेश दिया व भाजपा विधायक को पूरे दिन के लिए सदन की कार्रवाई से बाहर कर दिया। साथ ही सदन की कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। इसी दौरान सिरसा विरोध करते हुए सदन में बैठ गए।
उतार दी मेरी पगड़ी : सिरसा
भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि जब सदन की कार्यवाही स्थगित हो गई थी उसी दौरान वह सदन में थे, उस समय उनके साथ मारपीट की गई। आप विधायक सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह सहित अन्य विधायकों ने कहने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। मार्शलों की हाथापाई में उनकी पगड़ी उतर गई, उनके पैर में चोट भी लग गई। उन्होंने कहा कि अपने इतिहास में उन्होंने ऐसी घटना नहीं देखी। मैं एक चुना हुआ विधायक हूं। मेरे साथ भी ऐसा किया गया। एक सिख के लिए उसकी पगड़ी सबसे बड़ा मान है उसे ही उतार दिया गया।
झूठ बोल रहे हैं सिरसा : जरनैल सिंह
आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि भाजपा विधायक सिरसा झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने खुद ही अपनी पगड़ी उतारी। एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि उनके साथ कोई मारपीट नहीं हुई बल्कि मार्शल ने नियम के तहत उन्हें सदन से बाहर किया।