नई दिल्ली : भारतीय फौज और भारतीय कमांडो जिस साहस के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उसे पस्त किया। हम बात कर रहे हैं 26/11 मुंबई हमले की। उस हमले में बंदूक ताने, सीना ताने हमारे जवान न केवल डटे रहे, बल्कि उन आतंकियों को ढेर कर उनके मंसूबों को भी नाकाम किया। ऐसे जवानों में हमारे बीच दिल्ली कैंट के विधायक और कमांडो सुरेंद्र सिंह मौजूद हैं।
यह बात दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली कैंट में मंगलवार को मुंबई हमले में शहीदों के 8 परिवारों को 1-1 करोड़ रुपए की सहयोग राशि चेक के रूप में भेंट करने के दौरान कही। इस मौके पर दिल्ली कैंट के विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। सिसोदिया ने कहा कि आज के ही दिन शाम के समय टीवी के द्वारा मुंबई में ताज हमले की जानकारी मिली। लोग घरों में बैठकर टीवी देखने लगे।
उस समय हमारे जवान और कमांडो आतंकियों के सामने लोहा लेते हुए दिखाई दे रहे थे। रातभर चले ऑपरेशन में हमारे जवानों ने आतंकियों को ढेर किया। इस हमले में हमारे जवान भी गोलियों से घायल हुए। इन्होंने और हमारे जवान साथियों ने सारे आतंकियों को मार गिराया। भारतीय फौज, भारतीय कमांडों जिस साहस के लिए जाने जाते हैं, अपने जान के परवाह न करते हुए भी हमारे जवान दुश्मन को पराजित करते हैं।
उसका परिचय इन्होंने दिया। 11 पहले इस हमले में हमारे देश को जवान के रूप में क्षति पहुंची, जिन्हें हम आज के दिन याद कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। जिन्होंने देश के लिए अपनी जान गंवाई आज हम उन परिवारों के साथ खड़े हैं।