नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में शुक्रवार को अचानक हड़कंप मच गया। दोहपर करीब डेढ़ बजे आर के आश्रम मेट्रो स्टेशन पर पहुंची मेट्रो के अंतिम कोच में धुआं निकलने की शिकायत यात्रियों ने की। यात्रियों ने बताया कि उन्हें पता नहीं चला कि कैसे कोच में आग लगी या अन्य कारणों से धुआं निकला।
यात्रियों ने बताया कि अचानक निकले धुएं के बाद लोग परेशान हो गए और उन्होंने शोर मचा दिया। शोर को देखते हुए तुरंत उक्त कोच को खाली करवाया गया। वहीं दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उक्त मेट्रो स्टेशन पर तकनीकी कारणों से मेट्रो सेवा कुछ देर के लिए धीमी जरूर हुई थी।