पूर्वी दिल्ली : गीता कॉलोनी के यमुना खादर इलाके में रहने वाले एक परिवार के बाढ़ आने से घर बर्बाद होने के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि उन पर फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दरअसल श्मशान घाट के पास बाढ़ राहत शिविर में अंधेरे में जमीन पर सो रहे 12 वर्षीय किशोर को सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दीपक के तौर पर हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर भी ठीक से इलाज न करने के आरोप लगाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि वेंटीलेटर के आभाव में किशोर ने दम तोड़ दिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दीपक परिवार सहित गीता कॉलोनी यमुना खादर में रहता था। इसके परिवार में पिता लक्ष्मण, मां सरिता और एक छह साल का छोटा भाई सुशील है। दीपक के पिता यमुना खादर में किसानों के पास मजदूरी करते हैं। परिवार ने खादर में ही झुग्गी बनाई हुई थी। दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडराया तो परिवार गत रविवार रात दिल्ली सरकार द्वारा पुश्ते किनारे बनाए गए राहत शिविर में रहने आ गया।
शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे वह अपने परिवार से सोने जाने की बात कर अपने टेंट में चला गया। वहां पर जमीन पर पड़ी मेट पर सो रहा था, उसी दौरान सांप ने उसके पैर में काट लिया। अंधेरे में जब उसे तेज दर्द हुआ तो उसने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। फौरन परिजनों ने उसकी टांग में कसकर कपड़ा बांध दिया। पास में मौजूद डॉक्टर ने उसे फौरन अस्पताल ले जाने के लिए कहा। दीपक का शरीर भी नीला पड़ने लगा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने फौरन उसे अंबू बैग लगाकर सिविल डिफेंसकर्मी को चलाने के लिए कहा। डॉक्टरों का कहना था कि अस्पताल में वेंटीलेटर मौजूद नही है। इस दौरान तड़के 5.00 बजे दीपक ने दम तोड़ दिया।
कई कॉल करने पर भी नहीं आए वाइल्ड लाइफ वाले
इस मामले में चौंकाने वाली बात ये रही कि सिविल डिफेंस कर्मियों द्वारा कई बार कॉल करने पर भी वाइल्ड लाइफ वाले मौके पर नहीं पहुंचे। इधर, शनिवार सुबह राहत शिविर के आसपास कई बार काले रंग के कोबरा को देखा गया। वाइल्ड लाइफ वालों का कहना था कि सांप की मोबाइल से क्लिप बनाकर भेजो, उसके बाद ही वह मौके पर पहुंचेंगे। इसकेे अलावा यदि सांप किनारे पर होगा तो ही वह आएंगे। जंगल से सांप नहीं पकड़ा जाएगा। हादसे के बाद राहत शिविर में रहने वाले लोग खासे दहशत में हैं। उनका कहना है कि जब तक सांप पकड़ा नही जाएगा तब तक वह वहां नही सोएंगे।