उत्तर पूर्वी दिल्ली में सीएए को लेकर हुई हिंसा की निंदा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी नेता राहुल गांधी, और प्रियंका गांधी ने की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली के लोगों से साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने और धर्म के आधार पर देश को बांटने की ‘‘बुरी मंशा’’ रखने वाली ताकतों को हराने की सोमवार को अपील की।
कांग्रेस ने दिल्ली में हिंसक झड़प मामले में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ‘चुप्पी’ को लेकर सवाल उठाया और उनके इस्तीफे की मांग की। पार्टी नेता राहुल गांधी ने लोगों से संयम, करुणा और समझदारी दिखाने का अनुरोध किया। गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में आज हुई हिंसा परेशान करने वाली है और इसकी निंदा की जानी चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है, लेकिन हिंसा को कभी भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। मैं दिल्ली के नागरिकों से उकसावे की जो भी वजह हो उसके बावजूद संयम, करुणा और समझदारी दिखाने का अनुरोध करता हूं।’’

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि दिल्ली में पूरे दिन हिंसा हुई। उन्होंने दिल्लीवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हिंसा से सिर्फ आम आदमी और देश का नुकसान होगा।

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने उत्तरपूर्वी दिल्ली में झड़पों के दौरान हिंसा के मद्देनजर पुलिस आयुक्त को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।



Download Android App
Download iOS App



