नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर कोटला मुबारकपुर क्षेत्र में बाबा बंदा सिंह बहादुर सेतु के नीचे चल रही अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान डेयरी मालिकों द्वारा बनाए गए अस्थाई निर्माण को ध्वस्त किया गया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम को प्राप्त शिकायत के अनुसार अवैध डेयरी संचालित करने वाले व्यक्ति अपने पशुओं को ढके हुए नाले के नीचे तथा ऐसे ही स्थानों पर छुपा कर रखते हैं। दक्षिणी निगम द्वारा 27 अप्रैल 2022 को की गई कार्रवाई में 46 पशुओं को पकड़ा गया था।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग,दक्षिणी क्षेत्र एवं दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने आवारा पशुओं के विरुद्ध 05 मई 2022 को की गई कार्रवाई में कोटला मुबारकपुर स्थित पिलंजी नाले से 28 आवारा पशु पकड़े। अवैध डेयरी मालिकों ने अपने पशुओं को निगम के दस्ते से बचाने के लिए उन्हें ढके हुए नाले के गंदे पानी में 100 मीटर तक छुपा कर रखा हुआ था। डेयरी मालिकों ने पशुओं को बड़े ही अमानवीय तरीके से छोटी छोटी रस्सियों के द्वारा गर्दन तक गंदे पानी में बांधा हुआ था।
दक्षिणी निगम द्वारा पकड़े गए पशुओं को मालवीय नगर स्थित निगम के बाड़े में रखा गया था। दक्षिणी निगम की कड़ी कार्रवाई से तिलमिलाए अवैध डेयरी माफिया ने 5 और 6 मई 2022 के मध्य की रात को पशु बाड़े के चौकीदार पर जानलेवा हमला करते हुए चौकीदार को कमरे में बंद कर दिया।अवैध डेयरी माफिया द्वारा किए गए हमले में निगम के चौकीदार को काफी चोटें आई तथा उनके पास रखी नकदी एवं मोबाइल फोन भी बदमाश लूट कर ले गए और उन्होंने अपने पशुओं को भी छुड़ा लिया।दक्षिणी निगम द्वारा इस संदर्भ में मालवीय नगर थाने में एफ.आई.आर. दर्ज करवाई जिसके चलते पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा दक्षिणी निगम अवैध डेयरी माफिया को अपने क्षेत्र में पनपने नहीं देगा।