नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा है कि दिल्ली के निर्माण व उसके चहुंमुखी विकास में पूर्वांचलियों का विशेष योगदान है। इस दौरान पूर्वांचल सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने पूर्वांचलवासियों को बड़े पैमाने पर उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में मेहनतकश पूर्वांचलवासियों ने अपनी एक अलग छाप छोड़ी है और कांग्रेस ने हमेशा पूर्वांचल के लोगों का सम्मान किया है। दिल्ली में मैथिली-भोजपुरी अकादमी का गठन भी कांग्रेस शासन काल में हुआ था और राजधानी में ग्राम सभा व डीडीए की जमीनों पर छठ घाट बनाने का फैसला भी कांग्रेस शासन की देन है। सम्मेलन में भाजपा व आप पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दल सैद्धांतिक रूप से इनके खिलाफ है। उन्होंने इन्हें केवल वोट बैंक ही माना है।
इनके विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। चोपड़ा ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों ने आज भी अपनी संस्कृति और सभ्यता को दिल्ली में न केवल जिंदा रखा है बल्कि अपनी अगली पीढ़ियों को भी अच्छे संस्कार दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूर्वांचल प्रकोष्ठ का गठन करेगा जो आगामी विधानसभा चुनाव में पोलिंग बूथ स्तर पर संगठन को मजबूती देगा।