नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए राजनीतिक पार्टियों का सोमवार से चंदा मामने का अभियान शुरू होगा। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सोमवार को दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित कर इस अभियान की शुरुआत करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पृथ्वी रेड्डी इस अभियान के इंचार्ज होंगे। आप के दिल्ली के संयोजक गोपाल राय ने बताया कि पार्टी को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सोमवार को तालकटोरा स्टेडियम से आप का दान, राष्ट्र का निर्माण अभियान की शुरुआत की जाएगी।
अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी के सांसद, विधायक, पार्षद, नेता व अन्य अपने क्षमता अनुसार दान देकर अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास आगे काम करने और चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं हैं। जिसे देखते हुए पार्टी से आम जनता से चंदा मांगने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को पार्टी पूरे देश में चलाएगी। अभियान के लिए एक मोबाइल नम्बर जारी किया जाएगा, जो भी उस नम्बर पर मिस काल करेगा, पार्टी की तरफ से उस पर कॉल जाएगा और टीम उनसे संपर्क करेगी।
आरबीआई नियमों का होगा पालन
गोपाल राय ने बताया कि चंदा लेने के दौरान आरबीआई के नियमों का पालन किया जाएगा। पार्टी की टीम सहयोग राशि देने वालों से संपर्क करके फॉर्म भरवाएगी और मासिक सहायता लेगी। अगर कोई एक बार ही सहयोग करना चाहता है तो चेक ये क्रेडिट कार्ड से कर सकता।
चंदे के अभियान पर निकली कांग्रेस
दिल्ली कांग्रेस सोमवार से दिल्ली के लोगों से चंदा मांगने के अभियान पर निकलने वाली है। शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन के संसदीय क्षेत्र नई दिल्ली से की जाएगी। इसमें बड़ी धूम-धाम से सोमवार को अजय माकन करोलबाग के इलाके से अपना लोक सम्पर्क अभियान की शुरुआत करेंगे।
इसके लिए प्रदेश कांग्रेस ब्लॉक स्तर और बूथ स्तर पर जाकर लोगों से सम्पर्क करेगी और मोदी सरकार व केजरीवाल सरकार के लिए तैयार बुकलेट के साथ लोगों को बताएगी कि दोनों सरकारों ने दिल्ली के लोगों को सिर्फ गुमराह ही किया है। काम नहीं किया। साथ ही लोगों से चंदे के लिए गुजारिश करेंगे। इसके लिए पार्टी ने 100 से लेकर 2000 तक के कूपन तैयार किए हैं। हर ब्लॉक से 2 लाख रुपए इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा गया है।