दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग ने एक अहम निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत अब दिल्ली के सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की 100 फीसदी उपस्थिति होगी। दिल्ली में कोरोना संक्रमण में आई कमी के बाद यह निर्णय लिया गया है। फिलहाल दिल्ली सरकार के विभिन्न कार्यालयों में 50 फीसदी तक कर्मचारी ऑफिस आ रहे थे। दिल्ली सरकार के अधिकांश कार्यालय सप्ताह अंत यानी शनिवार और रविवार को बंद रहते हैं। ऐसे में शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार से सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की तादाद बढ़ जाएगी। सोमवार 18 जनवरी को दिल्ली के सरकार के कार्यालयों में 100 फीसदी कर्मचारियों को आने और काम करने की अनुमति होगी।
दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग ने दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों की समीक्षा की। इस दौरान दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव ने आदेश जारी कर कहा, राज्य सरकार, निकाय, निगम और निजी संस्थानों में ये नियम लागू माना जाएगा। इन सभी कार्यालयों में अब 100 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति का निर्देश जारी किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। हर दफ्तर का स्टाफ सोशल डिस्टेंसिंग के साथ काम करेगा। इसे सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विभागध्यक्ष पर होगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना की स्थिति गंभीर होने से बीते साल 28 नवंबर दिल्ली सरकार ने एक आदेश जारी कर दिल्ली सरकार के दफ्तरों में ग्रेड -1 और उससे ऊपर रैंक के अधिकारियों को छोड़कर, बाकी सभी स्टाफ में से 50 फीसदी स्टाफ को बुलाने और 50 फीसदी को वर्क फ्रॉम होम का आदेश जारी किया था। इसकी समय सीमा 31 दिसंबर थी। बाद में इसे बढ़ाकर 31 जनवरी 2021 कर दिया गया था। नए आदेश के तहत अब पूरा स्टाफ दफ्तर आएगा।


Download Android App
Download iOS App



