नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को प्रदेश भाजपा पूरी दिल्ली में सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। 17 सितम्बर से दिल्ली के सभी जिलों व मण्डलों में कार्यकर्ता समाज सेवा कर रहे हैं। गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सेवा सप्ताह के तीसरे दिन किशनगंज स्थित गोशाला में गो माता की सेवा की, पार्क में पौधरोपण किया और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूकता अभियान अजमल खां पार्क करोलबाग में स्कूली बच्चों के साथ मिलकर चलाया।
इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को हम सेवा सप्ताह के रूप में मना रहे हैं। स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील सिंगल यूज प्लास्टिक हटाओ-धरती बचाओ को समर्थन देते हुए स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया।
वहीं दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी ने गुरुवार को सेवा सप्ताह के रूप में आयानगर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप आयोजित कराया। इस मौके पर अनुभवी डॉक्टरों ने आंख, दांत, हड्डी, डेंगू व आदि रोगों से ग्रसित मरीजों की जांच की। सांसद ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत सभी को फिट रहने के लिए जागरूक किया।