नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में भी शुक्रवार को जुम्मे की नामाज के बाद जगह-जगह सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। देखते ही देखते जाफराबाद रोड, शास्त्री पार्क व अन्य इलाकों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। करीब चार घंटे तक वहां जमकर नारेबाजी हुई। इसके बाद घर लौट गए। वहां कोई उपद्रव नहीं हुआ। हालांकि शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के सीमापुरी इलाके में दोपहर के समय भीड़ उग्र हो गई। लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
जिसमें एडिशनल डीसीपी राेहित राजबीर सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी पत्थर लगने से घायल हो गए। बावजूद इसके वो पुलिसकर्मी उपद्रवियों को खदेड़ने में लगे रहे। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के जाफराबाद-सीलमपुर इलाके में हुए उपद्रव को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पुख्ता इंतेजाम किए हुए थे।
हर्ष विहार और सोनिया विहार थाने को छोड़कर अन्य 12 थानाक्षेत्रों में धारा-144 लागू कर दी गई थी। खुद ज्वाइंट सीपी आलोक कुमार और डीसीपी वेद प्रकाश सूर्या सीलमपुर, जाफराबाद, वेलकम, मुस्तफाबाद आदि संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर रहे थे। जाफराबाद मेन रोड पर स्थित मदरसा बाब उल उलूम में नमाज का समय 2:30 बजे रखा गया था। यहां नमाजियों की काफी भीड़ जुटी।
नमाज खत्म होेने के साथ ये लोग जाफराबाद रोड पर अचानक रैली निकालने लगे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन आसपास के इलाकों से भीड़ जुटती चली गई और काफिला पुलिस बल से काफी बड़ा हो गया। इन सभी को सीलमपुर मार्केट की लाल बत्ती पर बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया।
इस दौरान इनकी संख्या हजारों में हो चुकी थी। इस बीच नूर-ए-इलाही, भजनपुरा, मुस्तफाबाद, चांद बाग, खजूरी, नेहरू विहार, वजीराबाद रोड, शास्त्री पार्क, पुराना सीलमपुर, ब्रह्मपुरी रोड पर भी लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया।