‘गर्ल फ्रेंड वेट कर रही है सर, जाने दो नहीं तो ब्रेकअप हो जाएगा’ ट्रैफिक रूल तोड़ने के बाद चालान से बचने के लिए दिल्लीवाले कुछ इस तरह के बहाने बनाते हुए नजर आते हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक ट्वीट के जवाब में लोगों ने खुद इस तरह के बहानों का खुलासा किया।
सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों का मानना है कि ट्रैफिक पुलिस को यह बताना कि उन्होंने पहली बार यह रूल तोड़ा है, इससे वे जुर्माने से बच जाते हैं। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने एक ट्वीट कर लोगों से पूछा था कि वे ट्रैफिक रूल का उल्लंघन करने पर किस तरह के बहाने बनाकर जुर्माने से बचने की कोशिश करते हैं।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘नियमों का उल्लंघन करने के बाद आपने जुर्माने से बचने के लिए यातायात पुलिस के सामने सबसे अनूठे बहाने क्या दिए हैं?’’ दिल्ली पुलिस के इस ट्वीट के जवाब में सोशल मीडिया यूजर्स ने ऐसे-ऐसे बहानों की झरि लगा दी कि आपको हंसी आ जाए।
ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा ‘‘सर, मेरी प्रेमिका इंतजार कर रही है। जाने दीजिए वरना ब्रेकअप हो जाएगा। और यह तरीका हर बार कामयाब हो जाता है।’’
एक अन्य व्यक्ति ने टि्वटर पर लिखा, ‘‘सर। पहली बार है…छोड़ दो…पक्का अगली बार ऐसा नहीं होगा।’’ सौरभ श्यामल नामक एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, ‘‘एक दिन हेलमेट न पहनने पर पकड़े जाने पर मैंने कहा सर, हम छात्र हैं और हमारे पास पैसे नहीं हैं।’’ एक महिला ने लिखा, ‘‘गर्भवती हूं सीट बेल्ट नहीं पहन सकती।’’
एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘अपने दोस्त का बहाना बता रहा हूं : सर बीवी का अफेयर चल रहा है किसी के साथ, हौज खास में बैठी है अभी उसी के साथ।’’
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ट्वीट पर कुछ लोगों ने अपने तो अपनों के बहानों की लाइन लगा दी। और वाकई चालान से बचने के लिए लोगों के पास कितने नायब बहाने है।